प्रेम की खातिर पाप!


प्रेमी के शौक ने बनाया प्रेमिका को चोर
जिस घर में करती थी काम, वहीं से उड़ाए गहने और नकदी
1.27 लाख की बाइक दिलाने के लिए की चोरी, प्रेमी समेत हिरासत में

बहराइच। प्रेम की आड़ में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली नगर क्षेत्र के काजीपुरा मोहल्ले में एक युवती ने अपने प्रेमी की फरमाइश पूरी करने के लिए उस घर में चोरी कर डाली जहाँ वह घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी। युवती ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और 40 हज़ार रुपये नकद चुरा लिए।

पुलिस के अनुसार, यह चोरी काजीपुरा निवासी शहीद सगीर के घर में हुई, जिनके यहाँ युवती घरेलू कार्य करती थी। युवती ने बड़ी ही चालाकी से घर के कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। इस चोरी की जानकारी परिवार को तब हुई जब अलमारी की तलाशी के दौरान गहने और नकदी गायब मिली।

परिवार ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली नगर पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की। जब युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने यह चोरी अपने प्रेमी को महंगी बाइक दिलाने के लिए की थी। चोरी के पैसों से उसने प्रेमी को 1 लाख 27 हजार रुपये की बाइक खरीदकर दी थी।

पुलिस ने आरोपी युवती और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने और नकद राशि भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अब मामले की तह तक जाने और किसी अन्य संलिप्त व्यक्ति की तलाश में जुटी है। क्षेत्र में इस वारदात को लेकर लोगों में काफी चर्चा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *