श्रीबाँकेबिहारी की नगरी वृंदावन में एक और टीएफसी, 33.59 करोड़ की योजना स्वीकृत

  • उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद वर्तमान टीएफसी के पीछे करेगा नवीन निर्माण

वृंदावन( मथुरा)। श्रीबाँकेबिहारी जी की नगरी वृंदावन में दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद एक और टीएफसी (टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर) का निर्माण कराने जा रहा है। वर्तमान टीएफसी के पीछे इस विस्तारित परियोजना को शासन ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके लिए 33.59 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैँ।
यह जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि वर्तमान टीएफसी के पीछे खाली जमीन पर टीएफसी का विस्तार किया जा रहा है। विस्तारित योजना का क्षेत्रफल 9818 वर्ग मीटर है। यहाँ डॉरमेट्री के रूप में 67 रूम का निर्माण होगा, जिनमें 268 बेड की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा 100 लोगों के ठहरने की एक अतिरिक्त डॉरमेट्री बनेगी।
सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि वृंदावन में दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को नवीन टीएफसी में ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा के साथ रेस्टोरेंट का निर्माण भी किया जाएगा। इस रेस्टोरेंट में 60 लोगों के बैठने का स्थान होगा। इसके अलावा पांच शॉप, आधुनिक डिजायन पर फूडकोर्ट , कांफ्रेंसिंग हाल और टॉयलेट ब्लाक बनेगा। टीएफसी की इस विस्तारित योजना में वाहन पार्किंग का भी प्रावधान किया गया है। सीईओ ने बताया कि शासन की स्वीकृति के बाद अब टीएफसी विस्तारित योजना के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरु होगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी है।

वर्तमान टीएफसी 350 लोगों की क्षमता वाली

वृंदावन में पागल बाबा मंदिर के निकट और सौ सैय्या हॉस्पिटल के सामने बनी हुई वर्तमान टीएफसी में 350 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। इसमें आठ रूम और छह डॉरमेट्री बनी हुई हैँ। इसके अलावा यहाँ रेस्टोरेंट भी है। यहाँ ग्रुप में आने वाले श्रद्धालुओ को खुद भी भोजन बनाने की सहूलियत दी गई हैँ, ऐसे लोगों के लिए खुली किचिन प्रदान की जाती है। इसमें पार्किंग की सुविधा भी है। इस टीएफसी संचालन उज्ज्वल ब्रज संस्था द्वारा किया जा रहा है। इसका निर्माण मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *