मेरे साथ अन्याय हुआ, पत्नी के उत्पीड़न की वजह से जान दे रहा हूं…संभल में अतुल, सुभाष-मानव शर्मा जैसा सुसाइड।

संभल में युवक ने आत्महत्या करने से पहले लिखा सुसाइड नोट, पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस।

संभल (सोनू वार्ष्णेय )संभल में अतुल ,सुभाष और मानव शर्मा जैसा मामला प्रकाश में आया है. ऐंचोड़ा कंबोह थाना इलाके के गांव मौसमपुर निवासी कृष्णपाल सिंह के 30 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार ने पत्नी प्रिया से तंग आकर आत्महत्या कर ली. म्रतक गौरव के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पत्नी प्रिया, सास नीलम और साले आकाश के खिलाफ FIR दर्ज़ कर तफ़्तीश शुरू कर दी है. गौरव ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी को कसूरवार ठहराया है.

कृष्णपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि बेटे गौरव कुमार की शादी एक वर्ष पहले मुरादाबाद की रहने वाली प्रिया के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद गौरव की अपनी पत्नी और ससुराल वालों से अनबन हो गई. इसके बाद बहू प्रिया घर छोड़कर अपने मायके चली गई थी. कृष्णपाल सिंह का आरोप है कि वह बेटे से रुपये की मांग करती थी, नहीं देने पर दहेज सहित मुकदमा में फंसाने की धमकी देती थी. कई बार समझाने के बाद भी प्रिया अपनी ससुराल को वापस नहीं आई. इसे लेकर गौरव कुमार मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा. बीते रविवार को गौरव कुमार ने सुसाइड का प्रयास किया. हालत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए अमरोहा के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था.

गौरव कुमार ने मरने से पहले तीन पेज का सुसाइड नोट भी लिखा है. जिसमें लिखा है कि ‘मेरे साथ बहुत अन्याय हुआ है. मैं अपनी पत्नी के उत्पीड़न की वजह से अपनी जान दे रहा हूं. उसकी मौत के बाद उसके परिवार को परेशान नहीं किया जाए. उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी प्रिया को जिम्मेदार ठहराया जाए. मेरी मौत के बाद उसकी संपत्ति में से उसकी पत्नी को कुछ नहीं दिया जाए. बल्कि उसके हिस्से की संपत्ति भाइयों में बांट दी जाए.’

असमोली CO कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *