द्वारकाधीश मंदिर के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला उजागर, प्रशासन सख्त

मथुरा, (गोपाल चतुर्वेदी )

11 मार्च: द्वारकाधीश मंदिर के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मंदिर के नाम का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी वेबसाइट ‘ghar mandir.in’ के माध्यम से श्रद्धालुओं को गुमराह किया जा रहा है।

आरोप है कि इस फर्जी वेबसाइट पर ‘होली विशेष परिचय’ के नाम से 201 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करवाकर लोगों से धन ऐंठा जा रहा है। यह सूचना मंदिर प्रबंधन को 10 मार्च को प्राप्त हुई, जिसके बाद इस गंभीर मामले की जानकारी मंदिर के गोस्वामी 108 डॉक्टर वागीश कुमार महाराज को दी गई। महाराज जी की अनुमति से इस मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि फर्जी गतिविधियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शैलेश कुमार पाण्डेय को शिकायती पत्र सौंपा गया है। शिकायती पत्र में बताया गया है कि किस प्रकार से फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और मंदिर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

मंदिर प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की धोखाधड़ी न केवल श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि मंदिर की छवि को भी धूमिल करती है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की हरकत न कर सके।

प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या लिंक पर विश्वास न करें। मंदिर से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या दान हेतु केवल अधिकृत माध्यमों का ही प्रयोग करें।

इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फर्जी वेबसाइट के संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर क्राइम सेल को भी इस मामले में सक्रिय किया गया है, ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोका जा सके।

मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की इस तत्परता से श्रद्धालुओं में आशा जगी है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसे मामलों से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *